Raigarh News

निगम की एमआईसी बैठक में करोड़ों के विकास प्रस्तावों को मंजूरी

रायगढ़। नगर पालिक निगम में गुरुवार को महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, जलापूर्ति, बाजार व्यवस्था, पर्यावरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में एनटीपीसी लारा के सीएसआर मद से 12 करोड़ 49 लाख 97 हजार रुपए की लागत से शहर में 8 विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई। इनमें जयसिंह तालाब उन्नयन, कलेक्ट्रेट एवं न्यायालय परिसर के सामने स्मृति उद्यान, सर्किट हाउस के सामने दिव्यांग-अनुकूल ऑल एबिलिटी पार्क और शेड, गांधीगंज विकास तथा मिट्ठुमुड़ा और फटहामुड़ा तालाब में फुटपाथ समेत अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा पंचतत्व उद्यान में फुटपाथ निर्माण और उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन निर्माण को भी मंजूरी मिली। निगम के अनुसार, इन कार्यों से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
अमृत 2.0 से मजबूत होगी जलापूर्ति व्यवस्था
शहर की जलापूर्ति व्यवस्था के विस्तार के लिए अमृत 2.0 योजना के तहत 153.91 लाख रुपए की लागत से कोतरा रोड फ्लाईओवर से बरमुड़ा-नंदेली रोड तक डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाने की निविदा को मंजूरी दी गई।
वहीं ग्राम बड़े रामपुर में प्रस्तावित 17 एमएलडी इंटेकवेल के भविष्य के विस्तार और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासकीय भूमि के आपसी तबादले से जुड़े प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
सब्जी मंडियों को व्यवस्थित करने पर फैसला
नागरिकों और व्यवसायियों की सुविधा के लिए डिग्री कॉलेज के सामने नजूल भूमि पर व्यवस्थित सब्जी मंडी और 480 वर्गमीटर क्षेत्र में पानी पसारी शेड निर्माण को मंजूरी दी गई।
सारंगढ़ बस स्टैंड के पास नजूल भूमि पर प्रस्तावित सब्जी मंडी निर्माण को गति देने का निर्णय लिया गया। वहीं कोतरा रोड ओवरब्रिज के नीचे बने पसरा शेडों को डिस्मेंटल कर व्यवस्थित सब्जी मंडी विकसित करने और खाली भूमि पर नियमानुसार लीज पर स्थान आवंटित करने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया।
निगम ने दोनों स्थानों पर सब्जी विक्रेताओं के व्यवस्थापन के लिए स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
10 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मंजूर
बैठक में राष्ट्रीय परिवार सहायता और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की पात्रता जांच के बाद 10 पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था, विधवा और सुखद सहारा पेंशन की स्वीकृति दी गई।
इससे पात्र हितग्राहियों को संबंधित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
सेवा ज्योति संकल्प चौक समेत दो कॉलोनियों के नाम मंजूर
सेवा ही संकल्प अभियान के तहत उर्दना मोड़ स्थित तिराहे का नाम ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ रखने का निर्णय लिया गया।
वहीं सिंधी समाज की मांग पर वार्ड क्रमांक 22 और 23 स्थित पक्की खोली का नाम ‘श्री झूलेलाल कॉलोनी’ तथा कच्ची खोली का नाम ‘संत कंवर राम कॉलोनी’ रखने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button