Raigarh News

बनोरा की पावन धरा पर शिक्षा और संस्कार के नए युग का उदय, मुख्यमंत्री साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया अघोरेश्वर विद्या मंदिर के नवीन भवन का लोकार्पण

रायगढ़। साधना, सेवा और त्याग की तपोभूमि बनोरा में पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के पावन अवतरण दिवस के अवसर पर अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवीन भवन का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में परम पूज्य अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष औघड़ संत श्री प्रियदर्शी राम जी के सानिध्य में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने नवीन भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ट्रस्ट के पदाधिकारी, श्रद्धालु और अभिभावक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी की मौजूदगी और मार्गदर्शन में विधिवत फीता काटकर विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया और शिलापट्ट का अनावरण किया। समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा, गुरु, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक शांति पाठ से हुई। छात्राओं ने स्वागत गीत और गुरु वंदना प्रस्तुत की। इसके अलावा विद्यालय की यात्रा पर आधारित लघु डॉक्यूमेंट्री, लघु नाटिका और विद्यालय गीत की प्रस्तुति भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2005 के आसपास विद्यालय में अध्ययनरत रहे पूर्व छात्र आशीष कुमार प्रधान ने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि साधनों के अभाव के बावजूद विद्यालय से मिले संस्कारों और प्रेरणा ने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की। वर्तमान में वे भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं।

आनंद पाण्डेय ने अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की सेवा यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा के साथ चिकित्सा के माध्यम से भी साधनविहीन लोगों की सेवा कर रही है। छत्तीसगढ़ में बनोरा, डभरा, शिवरीनारायण और अंबिकापुर के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ट्रस्ट की संस्थाएं मानव सेवा के लिए सक्रिय हैं। सभी शाखाओं में निःशुल्क चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने संस्था के ध्येय वाक्य ‘पीड़ित मानव की सेवा’ के अनुरूप संचालित गतिविधियों का भी उल्लेख किया।

अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के नवपदस्थ प्राचार्य जोगेंद्र चौधरी ने विद्यालय को आधुनिक गुरुकुल बताया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सहयोगी बनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने विद्यालय को अंचल के लोगों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में मंचस्थ अतिथियों को शाल और श्रीफल से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी से जुड़े अपने स्वर्गीय बड़े पिता के संस्मरण उपस्थित लोगों के साथ साझा किए। उन्होंने आश्रम की लोक कल्याणकारी गतिविधियों को जनहित में उपयोगी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य बाबा जी का जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित है और यह सभी के लिए प्रेरणादायी है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे अपने जीवन में पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से सबसे अधिक प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वे राजनीति में रहेंगे, पीड़ित मानवता की सेवा को अपना ध्येय बनाए रखेंगे। उन्होंने बाबा जी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को प्रेरणादायी बताया।

इसके बाद पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि संस्था में पिछले तीन दशकों से शिक्षा का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि आश्रम और पुराने स्कूल की नींव घासीराम और अमृतलाल द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई भूमि पर रखी गई थी। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से संस्था की सेवा यात्रा आगे बढ़ती रही और सेवा के लिए रोपा गया बीज आज वटवृक्ष बन गया है।

बाबा प्रियदर्शी राम जी ने बताया कि विधायक बनने के बाद ओपी चौधरी आश्रम आए थे। आश्रम में संचालित सेवा गतिविधियों को देखते हुए उन्होंने नर्सिंग कॉलेज और अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने का सुझाव दिया था। उन्होंने बताया कि नर्सिंग कॉलेज को लेकर कई बाध्यताएं थीं, जबकि अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने को लेकर भी प्रारंभिक स्तर पर संशय था। सनातन परंपरा से जुड़े संत होने के कारण हिंदी के प्रति स्वाभाविक जुड़ाव होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा-विदों और शुभचिंतकों के साथ सार्थक चर्चा के बाद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया।

बाबा प्रियदर्शी राम जी ने स्कूल निर्माण से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सर्वसुविधायुक्त अंग्रेजी माध्यम स्कूल के निर्माण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के उत्थान के साथ सभी वर्गों के बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बच्चों में यह भावना नहीं होनी चाहिए कि वे शहरों के बड़े स्कूलों की तरह अच्छे विद्यालय में शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाए। उनके अनुसार ऐसी हीन भावना बच्चों के विकास को प्रभावित कर सकती है।

उन्होंने शिक्षा को बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि संस्कार राष्ट्र की संपत्ति होते हैं। शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसे ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों में विनयशीलता और पीड़ित मानव की सेवा की भावना हो। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान-विज्ञान, खेल और कंप्यूटर सहित सभी क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी डॉक्टर, नेता, इंजीनियर या कलेक्टर किसी भी पद पर जाएं, लेकिन उनके मन में गरीब और जरूरतमंद लोगों के प्रति सहानुभूति होनी चाहिए।

बाबा प्रियदर्शी राम जी ने ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों की कमी का उल्लेख करते हुए कहा कि साधु-संत साधनविहीन ग्रामीण क्षेत्रों में अपना निवास बनाकर सेवा कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस क्षेत्र का कोई भी विद्यार्थी धन के अभाव में शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन के साथ शिक्षकों के लिए 2 बीएचके के 24 क्वार्टर भी निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं की उल्लेखनीय सफलता की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि लड़कियां माता-पिता की आज्ञाकारी और अनुशासित संतान होती हैं और इसी कारण वे विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने अनुशासन को जीवन की सफलता का मंत्र बताते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल स्कूल में छह घंटे का प्रयास पर्याप्त नहीं है, बल्कि अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के सामने संयमित जीवनशैली अपनाने की अपील की और कहा कि बड़ों को नशापान करते देखकर बच्चे भी नशे की ओर प्रेरित हो सकते हैं। इसलिए बच्चों की उचित देखभाल और उनके वातावरण पर ध्यान देना अभिभावकों की जिम्मेदारी है।

स्कूल निर्माण में व्यवस्थापक त्यागी राम जी के योगदान की भी बाबा प्रियदर्शी राम जी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि आश्रम से जुड़े बढ़ई, प्लंबर, टाइल्स मिस्त्री, बिजली मिस्त्री, पेंटर सहित अनेक श्रमवीरों ने भवन निर्माण में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आश्रम से जुड़े सदस्यों और श्रद्धालुओं के सहयोग से भव्य भवन का सपना साकार हो सका। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति विशेष आभार जताया। साथ ही मीडिया और जिला प्रशासन से मिले सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।

समारोह के दौरान अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर में अध्ययन कर विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे 29 पूर्व विद्यार्थियों को गौरव सम्मान प्रदान किया गया। इनमें भारतीय रेलवे में इंजीनियर आशीष कुमार प्रधान, उपकोषालय अधिकारी प्रदीप गुप्ता, चिकित्सा अधिकारी अभिनाष कुमार गुप्ता, सचिव जयराम मोघिया, शिक्षक प्रीति सिंह सिदार, इलेश पटेल, प्रकाश पुजारी, जया प्रधान, शिशिलेश किसान, उपसंचालक पंचायत रमा पटेल, व्याख्याता अर्चना पण्डा और वरदा पण्डा, सुमिता पुजारी, आबकारी उपनिरीक्षक पंकज जायसवाल, ट्रैफिक असिस्टेंट सुलेश सिंह केसरिया, पोस्ट मास्टर अर्जुन साय, पटवारी संगीता गुप्ता, सीएजी ऑडिटर धीरेन्द्र प्रधान, बीएसएफ आरक्षक दिनेश गुप्ता, ब्रांच पोस्ट मास्टर रीतु पटेल, आरक्षक विकास विशाल, ग्राम पंचायत सचिव नीलम गुप्ता, असिस्टेंट मैनेजर आलोक कुमार प्रधान, मैनेजर विकास प्रधान, सत्यपाल गुप्ता, प्राध्यापक सुनीता पटेल, डेंटल सर्जन सुनीता गुप्ता और इंजीनियर ऋषपाल गुप्ता सहित अन्य पूर्व विद्यार्थी शामिल रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button