Raigarh News

राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुई राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी

रायगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामुदायिक सहभागिता और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत छत्तीसगढ़ द्वारा 19 सितंबर को नगर पालिक निगम ऑडिटोरियम रायगढ़ में आयोजित स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी-2026 में उन्हें प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. पूर्णानंद मिश्र, राष्ट्रीय अध्यक्ष शिक्षा अंजोर भारत के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षाविद् एवं एनआर स्टील रायगढ़ के संस्थापक संजय अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत ब्रेथवेट बर्न एंड जेसप कंस्ट्रक्शन कंपनी (बीबीजे) के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर जगन्नाथ पाणिग्रही उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रायगढ़ के शिक्षाविद् गुणनिधि सतपथी मौजूद रहे।

समारोह में शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला रायगढ़ की प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन में उन्हें अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण की मिसाल के रूप में उल्लेखित किया गया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों, शैक्षणिक नवाचार, सामुदायिक सहभागिता और बेहतर विद्यालय संचालन में उनके नेतृत्व को सम्मान का आधार बनाया गया।

डॉ. मनीषा त्रिपाठी पूर्व में राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुकी हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों के साथ साहित्य और समाज सेवा से जुड़े योगदान का भी उल्लेख किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्हें शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के लिए इससे पहले भी शताधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी-2026 को प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी, गरिमामय और ज्ञानवर्धक बताया गया। समारोह में सम्मानित किए गए शिक्षकों के बीच नई ऊर्जा और चेतना का संचार होने की बात कही गई। डॉ. मनीषा त्रिपाठी के राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने से संकुल केंद्र चांदमारी रायगढ़ का नाम भी राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित हुआ।

डॉ. मनीषा त्रिपाठी के सम्मानित होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके शुभचिंतकों, सहकर्मियों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान की सराहना की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button