रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 77वें जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की जानकारी रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद, सरगुजा विकास प्राधिकरण आयोग की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने दी। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गोमती साय ने बताया कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाती है, लेकिन इस बार प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के कारण अभियान को विशेष रूप दिया गया है। उनके अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री एक संवैधानिक प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। इसी अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूत करना है। अभियान के दौरान देशभर में विभिन्न सेवा और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में गोमती साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से जुड़े कई आंकड़ों और योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ गरीब परिवार गरीबी रेखा से बाहर आए, 80 करोड़ लोगों को राशन, 12 करोड़ शौचालय, 4 करोड़ से अधिक आवास और 200 करोड़ मुफ्त कोविड टीके जैसे कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत फ्रेजाइल-5 से निकलकर तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना है। साय ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, 200 से अधिक जिलों के नक्सल प्रभाव से मुक्त होने, राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल और सोमनाथ कॉरिडोर जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि युवा जॉब सीकर से जॉब गिवर की दिशा में बढ़े हैं और बेटियां लाभार्थी से नेतृत्वकर्ता बनी हैं। उनके अनुसार, 37 देशों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च सम्मान दिया जाना देशवासियों के पुरुषार्थ का सम्मान है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम 7 बजे प्रत्येक परिवार, विशेषकर लाभार्थी परिवारों द्वारा प्रधानमंत्री को आशीर्वाद स्वरूप दीप जलाए जाएंगे। इसी दिन रक्तदान शिविरों के माध्यम से अभियान की शुरुआत होगी।
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन कर विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को प्रस्तुत किया जाएगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत 7 अक्टूबर को देश के लगभग 1000 स्थानों पर विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा निकाले जाने की जानकारी भी प्रेस वार्ता में दी गई। इसमें 10 टोलियों में 50-50 युवा 10 राज्यों से गुजरते हुए चौपाल और संवाद कार्यक्रम करेंगे। यात्रा की शुरुआत हाटकेश्वर महादेव, वडनगर और काशी विश्वनाथ में जलाभिषेक के साथ किए जाने की बात कही गई।
इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सेवा सेतु अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर वंचित लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मानव रंगोली के माध्यम से विकसित भारत का संदेश देने की भी योजना है।
जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने बताया कि रायगढ़ में अभियान को लेकर संगठन स्तर पर विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रधानमंत्री के 77वें जन्मदिन पर रायगढ़ के 77 चौकों में शाम 7 बजे दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा सिंदूर पार्क में दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
महामंत्री रेखा महमिया ने बताया कि महिला मोर्चा द्वारा मंदिरों में मंगल पाठ तथा वृद्धाश्रम और अनाथालयों में फल वितरण जैसे सेवा कार्य किए जाएंगे। भाजयुमो अध्यक्ष सुमीत शर्मा ने बताया कि रायगढ़ में 77 यूनिट रक्तदान करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि वडनगर से बनारस जाने वाली 250 बाइक की सेवा यात्रा 1 अक्टूबर को हाटी होते हुए धरमजयगढ़ पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 2 अक्टूबर को सेवा कार्यों के बाद सुबह 8:30 बजे यात्रा पत्थलगांव होते हुए जशपुर के लिए रवाना होगी।
प्रेस वार्ता में महापौर जीवर्धन चौहान, महामंत्री विकास केड़िया और जतिन साव, प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य गुरपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, विवेक रंजन सिन्हा, सेवा संकल्प टोली के सदस्य पावन अग्रवाल, मधुलता पटेल, सुमीत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष विनायक पटनायक, बिलिस गुप्ता, जिला प्रवक्ता बब्बल पांडे, पवन शर्मा, पूनम पटेल सोलंकी, सुरेश गोयल, शिला तिवारी, मीडिया प्रभारी गणेश अग्रवाल, सह प्रभारी अशोक अग्रवाल, अनुपम पाल, सुषमा खलखो और लक्ष्मी जीवन पटेल सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

