Raigarh News

रायगढ़ में 4 सितंबर से गूंजेगा ‘हरे कृष्ण-हरे राम’, 3 दिन चलेगा जन्माष्टमी महामहोत्सव, 10 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद

रायगढ़। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर रायगढ़ में भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस्कॉन प्रचार केंद्र रायगढ़ की ओर से 4 से 6 सितंबर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक शहर में हरिनाम संकीर्तन, भजन, पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला चलेगी। आयोजकों के अनुसार अंतिम दिन 6 सितंबर को होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस्कॉन प्रचार केंद्र पिछले तीन वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन भव्य स्तर पर करता आ रहा है। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या और सहभागिता बढ़ रही है। पिछले वर्ष करीब 10 हजार भक्त जन्मोत्सव में शामिल हुए थे। इस बार आयोजन को और व्यापक बनाया गया है। ओडिशा से विशेष भक्त मंडली के अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों और देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महामहोत्सव का शुभारंभ 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर होगा। सुबह 10 बजे से बच्चों और भक्तों के लिए चित्रकला, रंगोली, निबंध, प्रश्नोत्तरी और क्राफ्ट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए हैं।
शाम 5 बजे से जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन इस्कॉन प्रचार केंद्र, जगन्नाथ मंदिर के पास, पल्लवी महल, राजापारा में होगा। भजन, संकीर्तन, पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ वातावरण कृष्णमय बनाया जाएगा।
महामहोत्सव के दूसरे दिन 5 सितंबर को नंद उत्सव और इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी की व्यास पूजा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से इस्कॉन प्रचार केंद्र में होगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी नंदोत्सव के रूप में मनाने के साथ श्रील प्रभुपाद के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता भी व्यक्त की जाएगी। महामहोत्सव का मुख्य सार्वजनिक कार्यक्रम 6 सितंबर को अंश इंटरनेशनल होटल, रायगढ़ में आयोजित होगा। कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। आयोजकों को इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में बाल महोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाट्य मंचन, पुरस्कार वितरण, भजन संध्या और हरिनाम संकीर्तन जैसे आयोजन होंगे। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण का विशेष महाभिषेक और महाआरती भी की जाएगी। कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजन का सबसे आकर्षक हिस्सा हरिनाम संकीर्तन रहेगा। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में जब सामूहिक रूप से कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन होगा, तब रायगढ़ का वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है। ओडिशा और देश-प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले भक्तों की सहभागिता इस आयोजन को और खास बनाएगी। इस्कॉन प्रचार केंद्र के अनुसार आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है। बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए उन्हें भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
युवाओं और परिवारों के लिए भी भक्ति, संस्कृति और संस्कार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महामहोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार शाम पल्लवी महल स्थित इस्कॉन प्रचार केंद्र में बैठक हुई। इसमें कार्यक्रमों, श्रद्धालुओं की व्यवस्था, बाहर से आने वाले भक्तों और अतिथियों के स्वागत तथा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। इस्कॉन प्रचार केंद्र रायगढ़ के प्रभारी एवं इस्कॉन रायपुर के मुख्य पुजारी मिथिलापति प्रभु जी ने बताया कि जन्माष्टमी महामहोत्सव का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, भक्ति और संस्कारों को नई पीढ़ी से जोडऩा भी है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button