Breaking News

खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 6 हाईवा और पोकलेन मशीन जब्त

सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने लगातार दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। दो दिनों के अभियान में कुल 6 हाईवा वाहन और एक पोकलेन मशीन जब्त की गई, जिससे अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हडक़ंप मच गया है।
सोमवार को सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर हाईवा क्रमांक सीजी 07 सीआर 7715 एवं सीजी 13 एक्यू 0321 को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना सारंगढ़ में रखा गया।
इसके बाद मंगलवार को फिर से सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान गौण खनिज चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए हाईवा क्रमांक सीजी 13 बीबी 2721 एवं सीजी 13 बीबी 2321 को पकडक़र जब्त किया गया और थाना सारंगढ़ में सुरक्षित रखा गया।
वहीं उपतहसील कोसीर के ग्राम पंचायत पासीद में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत उत्खनन का बड़ा मामला सामने आया। यहां अवैध खनन में लगी एक पोकलेन मशीन को जब्त कर ग्राम सरपंच की सुपुर्दगी में सौंपा गया। साथ ही अवैध रेत परिवहन में संलिप्त हाईवा क्रमांक सीजी 06 एचडी 6457 एवं सीजी-11 बीके 6697 को भी जब्त कर थाना कोसीर में सुरक्षित रखा गया।
खनिज विभाग ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button