Breaking News

आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर शिकंजा कसने अब संपत्ति कुर्की की तैयारी

नकली शराब फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर एसएसपी ने घोषित किया 10 हजार का इनाम
नकली शराब के संगठित नेटवर्क के खुलासे के बाद से फरार है आरोपी

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा थाना कोतरारोड़ के धारा 336(4), 336(3), 340(2), 61(2), 275 बीएनएस तथा धारा 34(2), 36, 49(क), 59(क) आबकारी अधिनियम के प्रकरण में फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर पिता गजराज सिंह ठाकुर निवासी विकास नगर गली क्रमांक-03, कोतरारोड़, जिला रायगढ़ की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति हेतु 10 हजार रूपये के नगद पुरस्कार की उद्घोषणा की गई है। सूचना देने वाले का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जाएगा तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ का निर्णय अंतिम होगा।
उल्लेखनीय है कि 08 जून की रात्रि रायगढ़ पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में संचालित नकली शराब के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। कार्रवाई के दौरान 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन तथा शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था, जिसने पूछताछ में अपने भाई सुभाष पटेल तथा विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार का संचालन करना स्वीकार किया था।
प्रकरण की विवेचना के दौरान 10 जून को पुलिस ने फरार आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया था। जांच में यह तथ्य सामने आया कि गिरोह फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करता था तथा उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। शराब का रंग फीका पडऩे पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद फर्जी होलोग्राम और नकली लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से उसकी बिक्री कराई जाती थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की थीं।
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना 08 जून से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार है। 17 जून को पुलिस टीम जब विकास नगर स्थित उसके निवास पहुंची तो मकान बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई नहीं मिला और आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी तथा उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार मकान के दो स्थानों पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी एकत्रित करने हेतु थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य द्वारा कार्यपालिक दंडाधिकारी, जिला रायगढ़ तथा जिला पंजीयक रायगढ़ को पत्र प्रेषित किया गया है। आरोपी की संपत्तियों का ब्यौरा प्राप्त होने के उपरांत उसकी संपत्ति कुर्क कराने के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष आवश्यक गुजारिश प्रस्तुत की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से पतासाजी जारी है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button