Raigarh News

साढ़े 3 किलो गांजा के साथ पकड़ाया तस्कर

घरघोड़ा पुलिस ने पत्थलगांव में दबिश देकर दबोचा

रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी दर्शन प्रसाद चौहान (22 वर्ष) निवासी पतराटोली, पत्थलगांव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी की गिरफ्तारी अप्रैल माह में पकड़े गए गांजा तस्करों से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार 09 अप्रैल को थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में घरघोड़ा पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर थाना के सामने लैलूंगा रोड पर नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल में सवार दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विजय सिदार निवासी चांदमारी रायगढ़ एवं शिवव्रत सिदार निवासी गोढ़ीकला, पत्थलगांव बताया। तलाशी लेने पर उनके पास रखे बैग से कुल 03 किलो 500 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 75 हजार रुपये है, बरामद किया गया था। पुलिस ने अवैध गांजा के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए थे।
मामले में थाना घरघोड़ा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी विजय सिदार एवं शिवव्रत सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से “सुदर्शन” नामक व्यक्ति से गांजा खरीदने की जानकारी दी थी।

तकनीकी जांच से मिला सुराग, पत्थलगांव से आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा एनडीपीएस प्रकरणों में एंड-टू-एंड कार्रवाई के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों से प्राप्त मोबाइल नंबरों एवं तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबर का उपयोग करने वाले व्यक्ति की पहचान दर्शन प्रसाद चौहान के रूप में हुई। घरघोड़ा पुलिस आरोपी पर निगाह रखे हुये थी कि कल पत्थलगांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर ट्रूकॉलर में “सुदर्शन” नाम प्रदर्शित होता है। उसने स्वीकार किया कि डम्फर ड्रायवरी के दौरान उसकी पहचान ग्राम गोढ़ीकला निवासी शिवव्रत उर्फ शिवा सिदार से हुई थी। दोनों के बीच संपर्क बढऩे के बाद शिवव्रत द्वारा गांजा की मांग किए जाने पर उसने लगभग 3.5 किलोग्राम गांजा उपलब्ध कराया था। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव, एएसआई नरेन्द्र सिदार एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button