नवरात्रि-दशहरा पर रायगढ़ पुलिस अलर्ट, SSP शशि मोहन सिंह ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़। नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने और लंबित अपराधों का समयबद्ध निराकरण करने के लिए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक ली। 12 अक्टूबर को आयोजित बैठक में जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और शाखा प्रमुखों को सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
एसएसपी ने दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों और दशहरा कार्यक्रमों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने, पंडालों की नियमित निगरानी और जरूरत के अनुसार स्वयंसेवकों की तैनाती पर जोर दिया गया। भीड़भाड़ वाले आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। शहर और संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सामग्री फैलाकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष नंबर 9479193299 और डायल 112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए थाना और जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित कर अभियान तेज करने को कहा गया। असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और लंबित वारंटों का निष्पादन प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए।
अपराधों के निराकरण की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने वर्ष 2025 से पहले के लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने नवीन आपराधिक कानूनों के तहत 60 और 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने तथा अगले दो महीने तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और विवेचना में आ रही बाधाओं को दूर करने को कहा गया। गुम इंसानों की तलाश गंभीरता से करने और तीन महीने से अधिक पुराने मर्ग प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल को विशेष योजना तैयार करने को कहा गया। पुलिस को प्रेशर हॉर्न, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रतिदिन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को स्वतंत्र रूप से थाना संचालन, अधीनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रण और अपराधों व शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर ध्यान देने को कहा गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी, एसडीओपी, नगर पुलिस अधीक्षक, थाना-चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
