Raigarh News

गुजरात की एकता परेड में छाई रायगढ़ पुलिस की रूबी, एसएसपी ने किया सम्मानित

रायगढ़। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित भव्य एकता परेड में रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी ने छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रतिनिधित्व किया। देश के विभिन्न राज्यों और सुरक्षा बलों के चुनिंदा प्रशिक्षित पुलिस श्वानों के साथ रूबी ने अपने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र आनंद के साथ परेड में हिस्सा लिया। इस उपलब्धि पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने डॉग मास्टर वीरेंद्र आनंद और रूबी को सम्मानित किया। साथ ही डॉग मास्टर को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर एकता नगर में आयोजित परेड में विभिन्न राज्यों और सुरक्षा बलों के जवानों ने मार्चपास्ट किया। आयोजन में पुलिस और सुरक्षा बलों के प्रशिक्षित श्वानों का परेड दल भी शामिल रहा। इसके लिए 15 सीआरपीएफ और 15 छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वानों का चयन किया गया था। छत्तीसगढ़ पुलिस के विभिन्न जिलों में कार्यरत 17 पुलिस श्वानों को भी इस आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला। इनमें रायगढ़ जिले की ट्रेकर डॉग रूबी भी शामिल रही।

रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी वर्ष 2017 से जिले में सेवाएं दे रही है। अपनी सूंघने की क्षमता और प्रशिक्षित कौशल के जरिए उसने कई गंभीर अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सारंगढ़ के गिरी पैलेस चोरी कांड, छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कीदा में हुए तिहरे हत्याकांड और चक्रधरनगर क्षेत्र के चर्चित काजल मसंत हत्याकांड में रूबी ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाकर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की। पुलिस के अनुसार, कई मामलों में रूबी ने कुछ ही घंटों के भीतर महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराए।

रक्षित निरीक्षक अमित सिंह के अधीन जिले में ट्रेकर डॉग रूबी और स्नीफर डॉग राजेश को नियमित रूप से विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। इसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण, घटनास्थल परीक्षण और आपराधिक मामलों के अनुसंधान में उनकी दक्षता बनाए रखना है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित श्वान अपराध अनुसंधान और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में रूबी और उसके डॉग मास्टर की सहभागिता रायगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि को समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण का परिणाम बताया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button