Raigarh News

आग की चपेट में आने से 40 से अधिक बाइक जलकर राख

कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में शनिवार को लगी थी आग
24 घंटे में भी पूरी तरह आग पर काबू नही

रायगढ़। रायगढ़ में कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें बगल में स्थित हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गईं, जिससे वहां रखी करीब 43 नई-पुरानी बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गईं। वहीं आग से बचाने के लिए बाहर निकाली गई 2-3 बाइक चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा इस अग्निकांड में कबाड़ गोदाम में खड़ा एक माजदा वाहन और एक छोटा हाथी वाहन भी जलकर पूरी तरह राख हो गया।
फिलहाल आग पर लगभग काबू पा लिया गया है, लेकिन गोदाम से अब भी धुआं उठ रहा है। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, जांच जारी है। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। दरअसल, शनिवार दोपहर छातामुड़ा रोड स्थित कबाड़-प्लास्टिक गोदाम में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और उस पर पूरी तरह काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक दमकल कर्मी लगातार पानी डालकर आग बुझाने में जुटे रहे। आग की लपटें पास के हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गईं। इससे शोरूम में रखी करीब 43 नई और पुरानी बाइकें आग की चपेट में आ गईं। आग बढ़ते देख कर्मचारियों ने कई नई बाइकें बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पर रख दीं।
शोरूम प्रबंधन के अनुसार, बाहर रखी गई 2-3 बाइक चोरी हो गईं। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आग की लपटें शोरूम के पीछे और साइड वाले हिस्से तक पहुंच गई थीं। तेज गर्मी के कारण वहां की दीवारों में दरारें आ गईं। वहीं शोरूम में रखा अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। हालांकि सभी गाडिय़ों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
जिला कमांडेंट ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि आग बुझाने के लिए करीब 11 फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां लगाई गई थीं। दमकल कर्मियों ने पूरी रात आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। लेकिन आग पूरी तरह शांत नहीं हुई है। अंदर सुलग रही आग के कारण अब भी धुआं उठ रहा है। प्लास्टिक सामग्री होने की वजह से आग बुझाने में काफी दिक्कत हुई, क्योंकि ऊपर से आग बुझने के बाद भी अंदर आग सुलगती रही और फिर से भडक़ जाती थी।
शोरूम के मैनेजर आस्टिन जॉर्ज ने बताया कि आग करीब साढ़े 12 बजे लगी थी। कबाड़ गोदाम से आग फैलकर शोरूम तक पहुंच गई। आग में शोरूम में लगा कंप्रेसर पूरी तरह जल गया और वर्कशॉप की दीवारें भी फट गईं। सुबह किए गए आकलन में 43 गाडिय़ां जली हुई मिलीं। अभी पूरे स्टॉक की गिनती पूरी नहीं हुई है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button