Raigarh News

36 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर रायगढ़ लाए जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 किलो 170 ग्राम गांजा, एक चारपहिया वाहन और मोबाइल सहित कुल लगभग 15 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मामले की कार्रवाई के संबंध में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा से एक सफेद रंग की कार में अवैध रूप से गांजा लाकर रायगढ़ क्षेत्र में खपाया जाना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम बंगुरसिया ढाबा के पास मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ में उन्होंने अपना नाम डोल नारायण साहू (27 वर्ष), नीलकमल साव (24 वर्ष) और आशीष कुमार सिंह (29 वर्ष) निवासी ग्राम गढ़उमरिया थाना जूटमिल जिला रायगढ़ बताया।
पुलिस टीम द्वारा वाहन एवं आरोपियों की विधिवत तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक बोरियों में कुल 36 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये है, इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 12 लाख रुपये) एवं एक विवो वाई-35 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल जुमला जब्ती की कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर तीनों मिलकर उसकी बिक्री करते थे और प्राप्त रकम को आपस में बांटते थे।
पुलिस ने इस मामले में थाना चक्रधरनगर में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20 (बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button