कोड़ातराई में संगीत शिक्षा का नया केंद्र शुरू, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
रायगढ़। ग्रामीण अंचल में कला, संस्कृति और शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को कोड़ातराई में सौरभ श्याम संगीत सृजन केंद्र, रायगढ़ की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से कोड़ातराई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं को गांव में ही संगीत की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत कोड़ातराई के सरपंच मृत्युंजय सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में एसएमडीसी अध्यक्ष विजय शंकर चौधरी, दीपक कुमार देवांगन, उपेंद्र कुमार भोय, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी बाबूलाल चौधरी, प्रधानपाठक अरुण चौधरी, ग्राम पंचायत के पंचगण सहित स्थानीय नागरिक और संगीत प्रेमी शामिल हुए।
शुभारंभ समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद संस्था संचालकों ने अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया। केंद्र के प्रशिक्षार्थियों ने गुरु वंदना, सरस्वती वंदना और भक्ति गीत प्रस्तुत किए। राजन्या दास, खुशी यादव, सुषमा सतपथी, आकृति धनकर, टिया नायक, अभिजय मेनन और अभिश्री मेनन ने अपनी गायन प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को संगीतमय बनाया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता एवं मानस प्रवक्ता भोजराम पटेल ने किया। उन्होंने कोड़ातराई और आसपास के क्षेत्रों में संगीत प्रशिक्षण केंद्र की उपयोगिता बताते हुए इसके संचालन में सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण अंचल में संगीत शिक्षा के विस्तार की इस पहल को कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाला प्रयास बताया।
केंद्र की संचालिका हेमकांति उग्रसेन पटेल ने बताया कि शाखा स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को आसानी से संगीत शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शहरों से दूरी और आवागमन की कठिनाइयों के कारण कई विद्यार्थी शास्त्रीय संगीत का विधिवत प्रशिक्षण नहीं ले पाते। गांव में ही सुविधा मिलने से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में संगीत गुरु उग्रसेन पटेल और सहायक गुरु कुबेरचरण चौहान ने शास्त्रीय गायन एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों का संगीत निर्देशन किया। आयोजकों के अनुसार, केंद्र की नई शाखा से ग्रामीण विद्यार्थियों को संगीत प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और भारतीय शास्त्रीय संगीत तथा सांस्कृतिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
