रायगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में 31 अक्टूबर को षष्टम कुल उत्सव के उपलक्ष्य में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना के उत्कृष्ट स्वयंसेवकों और संस्थाओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि के चेक देकर सम्मानित किया गया। समारोह में बुल्गारिया से डॉ. मोना कौशिक और कनाडा से स्नेहा ठाकुर भी शामिल हुईं।
विश्वविद्यालय की ओर से शहीद नंदकुमार पटेल की जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष कुल उत्सव आयोजित किया जाता है। वर्ष 2026 के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय से संबद्ध रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के महाविद्यालयों में त्रि-स्तरीय प्रतियोगिताएं कराई गईं। अंतिम चरण में रायगढ़ के किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय पीडी वाणिज्य एवं कला महाविद्यालय तथा शासकीय केएमटी कन्या महाविद्यालय में क्रमशः निबंध, चित्रकला, लोकनृत्य और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
समारोह की मुख्य अतिथि शिल्पकला राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त श्रीमती धनमती झोरका थीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. दीपक पांडेय, डॉ. मोना कौशिक और स्नेहा ठाकुर शामिल रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. विनय चौहान ने की। शुभारंभ शहीद नंदकुमार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य वक्ता भोजराम पटेल ने शहीद नंदकुमार पटेल के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि नंदकुमार पटेल का व्यक्तित्व इतना व्यापक था कि वे चलते-फिरते विश्वविद्यालय थे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुतियां भी हुईं। प्रतियोगिताओं में भाषण में रूचि दहरिया प्रथम, ममता साहू द्वितीय और संतोषी चौहान तृतीय रहीं। निबंध में रूपनारायण राठिया, सुनंदा राठिया और कृष्णा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में मेघा साहू प्रथम, शुभांगी रात्रे द्वितीय और आयुषी साहू तृतीय रहीं। सामूहिक लोकनृत्य में नवीन शासकीय महाविद्यालय कुसमुरा प्रथम, डॉ. भंवर सिंह पोर्ते कला एवं विज्ञान महाविद्यालय घरघोड़ा द्वितीय और शासकीय क्रांतिकुमार भारतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सक्ती तृतीय स्थान पर रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना की उत्कृष्ट इकाइयों में शासकीय डॉ. इंद्रजीत सिंह महाविद्यालय, अकलतरा और श्री ऋषभ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बनाहिल अकलतरा को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट स्वयंसेवकों के रूप में मासूम भारद्वाज, सुमित, चंद्रमणी मालाकार, आयुषी साहू, श्रुति निर्मलकर, उषा पटेल और रोहन यादव को सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अंत में अतिथियों और मुख्य वक्ता को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कुलसचिव विनोद कुमार एक्का ने आभार व्यक्त किया। आयोजन का संचालन एवं संयोजन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र चौबे ने किया।

