कलेक्टर ने सभी एसडीएम को प्रति सोमवार जनदर्शन लेने दिया आदेश

सारंगढ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सर्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में प्रति सोमवार जनदर्शन आयोजित किए जाने के संबंध में निर्देशित किया गया है कि आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा प्रशासन एवं आमजन के मध्य प्रभावी संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से अपने-अपने कार्यालय में प्रत्येक सोमवार को जनदर्शन का आयोजन सुनिश्चित करें। जनदर्शन में संबंधित विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।जनदर्शन के दौरान संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही, संबंधित अनुविभाग अंतर्गत समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं विकासखंड स्तरीय समस्त विभागीय अधिकारी निर्धारित दिवस एवं समय पर जनदर्शन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जा सके । अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं होगी।अतः निर्देशित किया गया है कि जनदर्शन हेतु निर्धारित दिवस एवं समय का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को इसकी जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके। उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए जनदर्शन का प्रभावी संचालन एवं आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने केरल निर्देश दिए गए हैं।

