Raigarh News

केजी कॉलेज रायगढ़ में 14 अक्टूबर को होगी विश्वविद्यालय की पहली प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा

रायगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ की प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय द्वारा 14 विषयों में पीएचडी प्रवेश के लिए होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें शासकीय टीसीएल महाविद्यालय, जांजगीर और किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ शामिल हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दोनों परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान-पत्रों की जांच, बैठक व्यवस्था, गोपनीयता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।

परीक्षा के संचालन के लिए विश्वविद्यालय ने उड़नदस्ता दल का गठन किया है। इसमें डॉ. रणजीत बारिक को संयोजक तथा डॉ. ज्योति सोनी और श्री सफेद कुमार मेहर को सदस्य नियुक्त किया गया है। परीक्षा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार आयोजित की जाएगी।

प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा में विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित 14 विषयों में प्रवेश के इच्छुक पात्र अभ्यर्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपने प्रवेश-पत्र में दर्ज परीक्षा केंद्र, परीक्षा के समय और आवश्यक दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा जारी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया है।

कुलपति प्रो. विनय चौहान के मार्गदर्शन और कुलसचिव डॉ. तरुणधर दीवान के निर्देशन में विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button