वायरल वीडियो से बेनकाब हुई गुंडागर्दी, युवती से सरेराह मारपीट, महिला आरोपी नूरी खान गिरफ्तार, दो बाल अपचारियों पर भी कार्रवाई

रायगढ़। सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बिना विलंब वायरल वीडियो की जांच प्रारंभ की और कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली पुलिस द्वारा वायरल वीडियो का सूक्ष्म परीक्षण किया गया, जिसमें मारपीट की घटना मेरीन ड्राइव रोड पर होना पाया गया। क्षेत्र के लोगों से पूछताछ करने पर वीडियो में मारपीट करती दिखाई दे रही महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में हुई। आज तडक़े पुलिस टीम ने उसके निवास पर दबिश देकर उसे तलब किया। पूछताछ के दौरान उसने मारपीट में शामिल दो अन्य लड़कियों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें भी तलब किया गया। जांच में दोनों नाबालिग बालिकाएं निकलीं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
आज ही 19 वर्षीय पीडि़ता थाना कोतवाली पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीडि़ता ने बताया कि वह रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में कार्य करती है। 30 जून की शाम लगभग 4 बजे वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से थोक बाजार सामान छोडक़र वापस लौट रही थी। मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने मोटरसाइकिल आगे लगाकर उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों युवतियों ने फोन कर अपने रिश्तेदारों को बुलाया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीडि़ता के साथ लात-घूंसों एवं मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर पीडि़ता की सहेली एवं राहगीरों ने बीच-बचाव किया। पीडि़त युवती ने बताया कि मारपीट करने वाली सेल्फी ले रही थी, ये दोनों हंसते हुए गुजरे तो उनको लगा हमें देखकर हंस रही है और बेवजह मारपीट किये।
दो बाल अपचारियों पर भी कार्रवाई
पीडि़ता की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (ठछै) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला नगमा खान उर्फ नूरी, पति खबीब खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी चांदनी चौक, फौजदारपारा, रायगढ़ को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं घटना में शामिल दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध भी विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।
सोशल मीडिया बना पुलिस के लिए अहम साक्ष्य
इस कार्रवाई में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुआ। एसएसपी शशि मोहन सिंह के त्वरित निर्देश पर नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल और स्टाफ की तत्परता से मुख्य आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, मारपीट एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
