7 बैलों को रौंदा, 5 की मौके पर मौत, दो गंभीर
काजूबाड़ी के पास हुआ दिल दहला देने वाला हादसा
रायगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र के रैरुमा से कुछ दूरी पर भारतमाला सडक़ पर एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार काजूबाड़ी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने 7 बैलों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि 5 बैलों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 2 अन्य बैल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनके पैर टूटने की सूचना है।
घटना के बाद भारतमाला सडक़ पर बैलों की लाशें बिछ गईं। हादसे का मंजर देखकर राहगीरों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। लोगों का कहना है कि भारतमाला सडक़ पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान एक एर्टिगा कार भी टक्कर की चपेट में आ गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारतमाला सडक़ पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

