Raigarh News

जिले में 34.47 करोड़ के 11 सडक़ निर्माण कार्यों का हुआ वर्चुअल शिलान्यास

रायगढ़। जिले के सुदूर वनांचल विकासखंड धरमजयगढ़, तमनार एवं घरघोड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों को आज बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के रणजीता स्टेडियम से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (फेज-4) अंतर्गत प्रदेश में करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाले सडक़ निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसी क्रम में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़, तमनार एवं घरघोड़ा क्षेत्र में 34 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 11 सडक़ निर्माण कार्यों का वर्चुअल शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सडक़ों के निर्माण से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। बारहमासी सडक़ सुविधा उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ’सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि कुल 34.47 करोड़ रुपए की लागत से 11 सडक़ निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया है, जिनमें धरमजयगढ़ क्षेत्र की 8 सडक़ें, तमनार क्षेत्र की 2 सडक़ें तथा घरघोड़ा क्षेत्र की 1 सडक़ शामिल है। इनमें पखनाकोट से ठाकुरनगर (2.00 कि.मी.) 1.68 करोड़ रुपए, सोहनपुर से सजवारी (3.85 कि.मी.) 3.33 करोड़ रुपए, घोचल से बकालो (4.45 किमी) 4.64 करोड़ रुपए, पण्ड्रापाठ से सकालो (1.10 किमी) 85 लाख रुपए, धरमजयगढ़-रायगढ़ रोड से मेंढरमार (2.40 किमी) 2.11 करोड़ रुपए, कॉफरमार्ग से भुंडीबहरी (3.00 किमी) 1.90 करोड़ रुपए, सलका से दहीडंड (7.05 कि.मी.) 9.29 करोड़ रुपए, दुर्गापुर बोरो से सलहारी (2.00 किमी) 1.79 करोड़ रुपए, फगुरम से लमडांड (5.00 कि.मी.) 4.96 करोड़ रुपए, रायगढ़ घरघोड़ा रोड तराईमाल से उज्जवलपुर (1.00 कि.मी.) 90.71 लाख रुपए तथा भगोरा रोड से बकरछार (4.00 किमी) 2.98 करोड़ रुपए की लागत से सडक़ों का निर्माण किया जाएगा। इन सभी सडक़ों के निर्माण पूर्ण होने पर धरमजयगढ़, तमनार एवं घरघोड़ा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में संपर्क सुविधाओं का विस्तार होगा, आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button