Raigarh News

ओपी चौधरी का दीपक बैज पर पलटवार, बोले- राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ आगमन पर कांग्रेस की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण

रायगढ़। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की टिप्पणी पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर जनजातीय समाज के सम्मान को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। ओपी चौधरी ने कहा कि देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ आगमन पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

वित्त मंत्री ने प्रियंका गांधी का उल्लेख करते हुए कहा, “जिन पंखुड़ियों को प्रियंका गांधी ने अपने पैरों तले कुचल दिया था, उसे अपने माथे पर लगाने वाले कांग्रेसियों के पेट में देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति माननीय द्रौपदी मुर्मू जी के छत्तीसगढ़ आगमन से दर्द शुरू हो गया है।” उन्होंने कहा कि एक जनजातीय महिला अपने संघर्ष, तपस्या और सेवा के बल पर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचती है, तो कांग्रेस सवाल और विरोध पर उतर आती है।

ओपी चौधरी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के दौरे पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए जनजातीय समाज का सम्मान केवल राजनीतिक दिखावा है। उनके मुताबिक, कांग्रेस ने आदिवासी समाज को आगे बढ़ाने के बजाय उसे वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है।

वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में पहली जनजातीय महिला को राष्ट्रपति पद पर पहुंचाया गया है, लेकिन कांग्रेस इसे स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने दीपक बैज की टिप्पणी को कांग्रेस की मानसिकता और उसके संस्कारों से जोड़ते हुए आलोचना की।

ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ का जनजातीय समाज कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये को समझता है और समय आने पर इसका जवाब देगा। राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी पर वित्त मंत्री की यह प्रतिक्रिया राजनीतिक बयानबाजी के बीच सामने आई है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button