रायगढ़, 14 सितंबर 2026। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से कुल 43 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद कर जब्त की। इसके साथ ही अवैध शराब बनाने के लिए रखा करीब 100 बोरी महुआ भी गवाहों की मौजूदगी में नष्ट कराया गया।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा पुलिस की टीम माइनर एक्ट की कार्रवाई और अवैध शराब की पतासाजी के लिए ग्राम राजपुर, कोड़ासिया, बेसराबहार, घटगांव, भालूकोना, रूपडेगा और खम्हार क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिरों से मिली अलग-अलग सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर चार लोगों को पकड़ा।
पहली कार्रवाई में पुलिस टीम ने ग्राम पुटूपारा राजपुर के साप्ताहिक बाजार की ओर जाने वाले कच्चे मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान कोड़ासिया की ओर से कपड़े का थैला लेकर पैदल आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मनोज तिग्गा, पिता रातूराम तिग्गा, उम्र 40 वर्ष, निवासी भालूकोना, रूपडेगा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, मनोज तिग्गा के कब्जे से 20 लीटर क्षमता वाली जरीकेन में करीब 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 2 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रूपडेगा निवासी फिलिंदर लकड़ा अवैध हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब लेकर रूपडेगा से राजपुर साप्ताहिक बाजार की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फिटिंगपारा चौक के पास घेराबंदी की और पैदल जा रहे संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फिलिंदर लकड़ा, पिता प्रमोद लकड़ा, उम्र 24 वर्ष, निवासी इमलीपारा रूपडेगा, थाना लैलूंगा बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 लीटर क्षमता वाली जरीकेन में रखी 10 लीटर महुआ शराब बरामद की। इसकी कीमत करीब 1 हजार रुपए बताई गई है। शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
तीसरी कार्रवाई राजपुर के साप्ताहिक बाजार में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम राजपुर निवासी वंदना पैंकरा बाजार में बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब लेकर पहुंची है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने राजपुर साप्ताहिक बाजार में घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम वंदना पैंकरा, पति स्वर्गीय श्यामलाल पैंकरा, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम राजपुर, थाना लैलूंगा बताया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से प्लास्टिक बोरी के अंदर 10 लीटर क्षमता वाली जरीकेन में करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 1,500 रुपए बताई गई है।
चौथी कार्रवाई 13 सितंबर 2026 को की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रूपडेगा, भालूकोना निवासी हरिहर साय टोप्पो कच्ची महुआ शराब लेकर राजपुर बाजार की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, हरिहर साय टोप्पो, पिता स्वर्गीय जगतु साय टोप्पो, उम्र 59 वर्ष, निवासी ग्राम रूपडेगा, भालूकोना, थाना लैलूंगा के कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 300 रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने चारों मामलों में कुल 43 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। इसके अलावा आरोपियों से पूछताछ के दौरान अवैध शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 100 बोरी महुआ भी मिला। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में इस महुआ का नष्टीकरण कराया।
थाना प्रभारी लैलूंगा ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के संबंध में सूचना मिलने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

