कलेक्टर ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, शिक्षा गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
कलेक्टर ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक,
शिक्षा गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को लेकर
दिए कड़े निर्देश लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
।
स्कूलों में मोबाइल का उपयोग प्रतिबंधित योजनाओं का मिले स्कूली बच्चों को लाभ
शासन के निर्देशों का पालन हो शतप्रतिशत
सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज/ जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा विभाग जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के समस्त अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के संचालित शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, स्वच्छता सुनिश्चित करने और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के बाद विभाग द्वारा निम्नलिखित कड़े दिशा-निर्देश और आदेश जारी किए गए हैं।
स्कूलों में मोबाइल उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध:- कक्षा अध्यापन (पढ़ाई) के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यदि कोई शिक्षक शिक्षण के दौरान अनावश्यक रूप से मोबाइल का उपयोग करते पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों में स्वच्छता और सुरक्षा दोनों को पर विशेष ध्यान – कलेक्टर द्वारा विकासखंड सारंगढ़ के सेजेस विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर और लैब में धूल जमा पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। सभी संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूल परिसरों, प्रयोगशालाओं और उपकरणों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
बायोमेट्रिक उपस्थिति में सुधार के निर्देश:- विद्या समीक्षा केंद्र (VSK App) की समीक्षा में पाया गया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति लगभग 70% है, जो कि अत्यंत कम है। सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEO) और संस्था प्रमुखों को इसे सुधार कर शत-प्रतिशत नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजनामध्यान्ह भोजन (MDM) का प्रभावी संचालन:- सभी प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन लाभांवित बच्चों की संख्या ‘MDM App’ में दर्ज करना अनिवार्य होगा। साथ ही, निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्वयं बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने को कहा गया है। सभी स्कूलों में किचन गार्डन का विकास भी अनिवार्य रूप से किया जाएगा। सभी स्कूलों में न्योता भोजन आयोजन के निर्देश दिए गए।
सघन रूप से नियमित शाला निरीक्षण:- जिला व ब्लॉक स्तर के शिक्षा अधिकारी अनिवार्य रूप से स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। अधिकारी प्रार्थना सभा शुरू होने से पहले स्कूल पहुंचेंगे और कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर की जांच करेंगे। निरीक्षण की रिपोर्ट रोज़ाना गूगल शीट’ के माध्यम से भेजी जाएगी।
पर्यावरण जागरूकता: स्कूलों में ‘इको क्लब’ और ‘यूथ क्लब’ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्कूल परिसरों में वृक्षारोपण और पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी शिक्षकों और बच्चों को सौंपी जाएगी।
स्कूलों में वाद-विवाद प्रतियोगिताएं:- बच्चों में संवाद कौशल और सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए हर स्कूल में सप्ताह में कम से कम एक दिन समसामयिक विषयों पर वाद-विवाद या चर्चा प्रतियोगिता का आयोजन अनिवार्य किया गया है।
शाला त्यागी (ड्रॉप आउट) बच्चों का चिन्हांकन: जिले में पढ़ाई छोड़ चुके (ड्रॉप आउट) बच्चों का सर्वे कर, उनकी सूची तैयार करने और उन्हें दोबारा मुख्यधारा (स्कूलों) से जोड़ने के लिए एक विशेष प्रारूप में जानकारी मांगी गई है।
