Raigarh News

सुमीत शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- ओपी चौधरी के विकास कार्यों को रोकना चाहती है विपक्षी पार्टी

रायगढ़। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुमीत शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर विकास कार्यों में बाधा डालने और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। सुमीत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपने पांच साल के कार्यकाल में रायगढ़ में किए गए पांच प्रमुख विकास कार्य भी नहीं गिना सकती, जबकि वर्तमान में हो रहे विकास कार्यों को नजरअंदाज कर रही है।

सुमीत शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सरकार की कमियों को सामने लाने और सत्ता पक्ष को जवाबदेह बनाने की होती है। लेकिन उनके मुताबिक, कांग्रेस विकास कार्यों पर सवाल उठाने के बजाय उन्हें रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि पार्टी अपने कार्यकाल के काम गिनाए या ऐसे पांच कार्य बताए, जो जनहित के लिए आवश्यक थे और जिन्हें उसने पूरा किया।

भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार के पांच साल के कार्यकाल के दौरान रायगढ़ जिले में मंत्री, स्थानीय विधायक और महापौर कांग्रेस से थे। इसके बावजूद कांग्रेस अपने कार्यकाल के प्रमुख विकास कार्यों का विवरण नहीं दे पा रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार होने का आरोप भी लगाया।

सुमीत शर्मा ने कहा कि ओपी चौधरी ने कलेक्टर जैसे प्रतिष्ठित पद को छोड़कर छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन में बदलाव लाने का लक्ष्य रखा था। उनके अनुसार, रायगढ़ में शिक्षा, खेल, सड़क और चिकित्सा सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से हो रहे हैं, जिनका लाभ आने वाले समय में लोगों को मिलेगा।

कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिन सड़कों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है, वे पहले ही स्वीकृत हो चुकी हैं और उनके टेंडर भी हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्षा के बाद इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होना है। ऐसे में आंदोलन के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

सुमीत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो अपने पुराने कार्यकाल का हिसाब है और न ही बेहतर काम करने का दावा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की जनता जानती है कि कौन विकास कार्य कर रहा है और कौन बाधा उत्पन्न कर रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button