spot_img

Latest Posts

गेरवानी में क्रिकेट सट्टा खिलाते दो गिरफ्तार

बर्तन दुकान में चल रहा था क्रिकेट सट्टे का काला खेल
पूंजीपथरा व साइबर थाना की संयुक्त दबिश

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 11 मई को थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि ग्राम गेरवानी में एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा।
मौके पर आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल अपने साथी सुरेश अग्रवाल के साथ मोबाइल फोन के जरिए रुपये-पैसों का हार-जीत आधारित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते मिला। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नगद 17,000 रुपये तथा आरोपी सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,400 रुपये बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त किया।
पूछताछ और मेमोरेण्डम कथन में आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल ने बताया कि वह अपने साथी सुरेश अग्रवाल के साथ अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड भुगतान प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते थे। आरोपियों ने बताया कि सट्टे की राशि ग्राम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल को नगद और डिजिटल भुगतान के जरिए पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम को देखकर रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
थाना पूंजीपथरा में आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss