हाथों में झाड़ू लेकर उतरे महापौर, सभापति और आयुक्त, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में हुआ श्रमदान

रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान 2026 एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम रायगढ़ द्वारा शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड परिसर में श्रमदान कर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और पार्षद त्रिनिशा चौहान सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
स्वच्छता अभियान के दौरान महापौर, सभापति, आयुक्त और निगम अमले ने स्वयं हाथों में झाड़ू, रांपा और तसला लेकर सफाई कार्य में श्रमदान किया। पूरे बस स्टैंड परिसर में जमा कचरे और गंदगी को हटाया गया। इसके साथ ही परिसर की नालियों की भी सफाई कराई गई। सफाई के दौरान निकले कचरे का तत्काल उठाव कराया गया, ताकि परिसर में दोबारा गंदगी जमा न हो।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उनके अनुसार स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब सार्वजनिक स्थानों को भी लोग अपने घर की तरह स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे नागरिकों की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचता है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्वयं सफाई कार्य में शामिल होने से नागरिकों को भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी और सहभागिता से बनता है।
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शहर के विभिन्न सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना भी है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई के साथ नालियों की सफाई, कचरे का तत्काल उठाव और सफाई व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। आयुक्त ने नागरिकों से कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
श्रमदान कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और निगम अमले की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर बस स्टैंड परिसर की सफाई की और स्वच्छता के साथ सेवा का संकल्प लिया। निगम द्वारा अभियान के तहत शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित किए जाने की बात कही गई है।
इसी अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान संचालित करने की शिकायत पर नगर निगम ने कार्रवाई भी की। मोहल्ले की महिलाओं द्वारा की गई शिकायत के बाद आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय की मौजूदगी में जेसीबी के माध्यम से सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वाले तीन लोगों पर 5 हजार, 5 हजार और 3500 रुपये की पेनाल्टी की कार्रवाई की गई।
नगर निगम की कार्रवाई के दौरान सड़क और परिसर में अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को सख्त हिदायत भी दी गई। उन्हें दोबारा सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए। निगम की ओर से चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर जुर्माने के साथ सामग्री की जब्ती और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में आयोजित अभियान में एक ओर जहां जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। निगम के अनुसार सेवा ही संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता, जनभागीदारी और सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था को लेकर गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी।
