Raigarh News

हिन्दू नववर्ष पर धरमजयगढ़ में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाइक रैली में गूंजे जय श्री राम के जयकारे!

धरमजयगढ़। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर वर्ष प्रतिपदा (हिन्दू नववर्ष) का पर्व नगर सहित अंचल में श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। भारतीय संस्कृति में नवआरंभ, नवसंकल्प और आध्यात्मिक जागरण के प्रतीक इस पर्व ने जनमानस को अपनी परंपराओं और मूल्यों के प्रति पुन: जागरूक किया।
इसी क्रम में बीते कल 19 मार्च गुरुवार को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान से भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली नगर के सभी प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां युवाओं और नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रैली के दौरान “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा, वहीं डीजे की धुन पर युवक-युवतियां झूमते नजर आए। भगवा ध्वजों से सुसज्जित इस रैली ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।
वहीं कार्यक्रम की अगली कड़ी में 27 मार्च को भव्य शोभायात्रा का आयोजन भी किया जाना प्रस्तावित रहा, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राम मंदिर, नीचे पारा, धरमजयगढ़ में संपन्न होने की जानकारी दी गई। बहरहाल वर्ष प्रतिपदा के इस आयोजन ने न केवल सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और राष्ट्रहित में जागरूक रहने का प्रेरक संदेश भी दिया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button