Raigarh News

खरसिया में सूने मकान की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

रायगढ़। एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में चौकी खरसिया पुलिस ने मदनपुर स्थित सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 5 अगस्त को प्रार्थिया श्रीमती आरती उनसेना, निवासी मदनपुर ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 अगस्त की रात लगभग 1ः00 बजे से 4ः00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके मकान के तीन कमरों के दरवाजों की कुंडी एवं कब्जे तोड़कर तथा खिड़की की सरिया मोड़कर घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने घर में रखे सीआरआई कंपनी का 1 एचपी सबमर्सिबल पंप, कूलर, 32 इंच एलजी एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, चार गैस सिलेंडर, सीलिंग फैन, मिक्सी, पीतल की भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की मूर्तियां, चढ़ावे की नकदी, चांदी के लक्ष्मी सिक्के, इन्वर्टर एवं बैटरी, , कंप्यूटर सेट, लैपटॉप, महत्वपूर्ण दस्तावेज, घरेलू बर्तन, कृषि उपकरण तथा घर में रखी नगदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान एवं नकदी की कुल कीमत लगभग 80 हजार बताई गई।
रिपोर्ट पर चौकी खरसिया में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर हरिजन मोहल्ला खरसिया निवासी अमन सागर एवं सत्यम सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी अमन के कब्जे से एक पुराना कैम स्टार कंपनी का कूलर एवं एक सीलिंग फैन तथा आरोपी सत्यम के कब्जे से एक 32 इंच का काला एलईडी टीवी एवं दो सीलिंग फैन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों अमन सागर (22 वर्ष) एवं सत्यम सागर (32 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button