Raigarh News

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महापौर निवास पहुंच नवदम्पति को दिया आशीर्वाद

रायगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रविवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान के सोनूमुड़ा स्थित पैतृक निवास पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने महापौर के बड़े भाई गोवर्धन चौहान की पुत्री अंजू चौहान एवं कोरबा के बांकी मोगरा निवासी एश्वर्य चौहान को नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश पर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व ही बड़ी संख्या में पार्षद, वार्ड के नागरिक एवं चौहान समाज के लोग महापौर निवास पर एकत्रित हो गए थे। स्वागत को लेकर मुख्य द्वार को आकर्षक रंगोली से सजाया गया था। जैसे ही मुख्यमंत्री का आगमन हुआ, महापौर जीवर्धन चौहान एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सलिता चौहान ने आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उपस्थित लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ आत्मीयता से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने नवदम्पति को सुखद, सफल एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उनके साथ रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी तथा सांसद राधेश्याम राठिया ने भी नव दंपत्ति को आशीर्वाद प्रदान किया।
महापौर निवास पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय वातावरण में परिवारजनों से मुलाकात की तथा नाश्ते में घर का बना पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन ‘चीला’ का स्वाद लिया। उन्होंने चीला के स्वाद की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में पुन: इसे खाने अवश्य आएंगे।
इस अवसर पर अरुणधर दीवान, चौहान समाज के वरिष्ठ नेता महावीर चौहान, मुकेश जैन, पुसौर जनपद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहित सतपथी, चौहान समाज के अध्यक्ष देवप्रसाद चौहान, विवेक रंजन सिन्हा, पूर्व सभापति सुरेश गोयल सहित जनप्रतिनिधि एवं चौहान समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button