तारापुर स्कूल में एसएल नायक ने विद्यार्थियों को सफलता के पांच सूत्र बताए
रायगढ़ जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तारापुर में बुधवार, 28 अक्टूबर को विद्यार्थियों के लिए प्रेरक उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी एसएल नायक ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने, दृढ़ इच्छाशक्ति बनाए रखने और उचित मार्गदर्शन लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में योगदान देने का जज्बा विद्यार्थियों में होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा की पूजा-अर्चना के साथ हुई। छात्राओं ने हस्तनिर्मित गुलदस्ता भेंट कर मुख्य वक्ता एसएल नायक का स्वागत किया। विद्यालय के प्राचार्य हितेंद्र सिंह पटेल ने स्वागत उद्बोधन दिया। नायक सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपसचिव, जिला पंचायत सीईओ और मंत्रालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव सहित विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। वे पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के ओएसडी भी रहे हैं।
अपने संबोधन में नायक ने सफलता के पांच सूत्र बताए। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय करने, कड़ी मेहनत करने, दृढ़ इच्छाशक्ति रखने, जानकार लोगों से मार्गदर्शन प्राप्त करने और बड़ों का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई और जीवन में आगे बढ़ने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।
नायक ने रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के संघर्ष का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि तारापुर के समीप बायंग गांव के सामान्य परिवार में जन्मे चौधरी ने दृढ़ इच्छाशक्ति और लगन के बल पर आईएएस अधिकारी बनने का मुकाम हासिल किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके अध्ययनकाल और संघर्ष से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी अधिकारी किरण कुमार पटेल ने ई-कचरा प्रबंधन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण को ई-कचरे और उसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूक रहने की आवश्यकता बताई।
प्रेरक संबोधन के बाद विद्यार्थियों ने नायक से सवाल पूछे। उन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भागीदारी निभाई, जबकि आयोजन को व्यवस्थित करने में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त व्याख्याता एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी भोजराम पटेल ने किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से नायक को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
