रायगढ़ में “अभियान संवेदना” के तहत कोतवाली पुलिस ने लापता 13 वर्षीय बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसे अपने साथ ले जाने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत (18 वर्ष), निवासी भांठापारा, निपनिया के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र की एक महिला ने सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपनी 13 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालिका रायगढ़ में अपने परिचित के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। 20 अक्टूबर की सुबह वह बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 617/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बालिका के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की तथा उसके सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से बालिका की पहचान आरोपी युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। लगातार स्थान बदलने के कारण बालिका की तलाश में कठिनाई आ रही थी। 26 अक्टूबर को बालिका के रायगढ़ आने पर पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज किए गए कथन में बालिका ने बताया कि आरोपी 19 अक्टूबर की रात रायगढ़ आया था। अगले दिन सुबह उसने बालिका को रेलवे स्टेशन के पास बुलाया और ट्रेन से डोंगरगढ़ ले गया। बालिका के कथन के अनुसार, आरोपी उसे अपने दोस्त के घर ले गया, जहां चार दिन तक रखकर शादी का प्रलोभन दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस ने बालिका का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 और 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक विजय एक्का और पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुम बालक-बालिकाओं की सकुशल बरामदगी और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क के मामलों में सावधानी बरतने की अपील की।

