हाथी ने देर रात गांव में घुसकर मचाया मौत का तांडव

रायगढ़। धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक जंगली हाथी ने एक ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांकारूमा वन परिक्षेत्र के ग्राम जमाबीरा में देर रात एक जंगली हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। हाथी ने ग्रामीण को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथी ने ग्रामीण के सिर को कुचल दिया। मृतक की पहचान रतन उर्फ चन्दन निवासी जमाबीरा, उम्र लगभग 60 वर्ष के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, मृतक के नाम की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वन विभाग की टीम द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इधर, हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत की खबर फैलते ही जमाबीरा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों में जंगली हाथियों की मौजूदगी को लेकर भय बना हुआ है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
