Raigarh News

दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मारपीट और धमकी के आरोपी को दबोचा
फरारी काट रहे आरोपी की पतासाजी कर कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़। “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान में कोतवाली पुलिस को दुष्कर्म के एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। महिला संबंधी गंभीर अपराध में फरार चल रहे आरोपी भोजराम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की एक महिला ने 31 मार्च को थाना कोतवाली में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जनवरी में भोजराम यादव निवासी ग्राम बरदुला से परिचय होने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ। पीडि़ता के अनुसार 16 जनवरी को जन्मदिन के बहाने आरोपी उसे रायगढ़ लाया और शारीरिक संबंध बनाए फिर काशीराम चौक बायपास रोड स्थित किराए के मकान में करीब 20 दिनों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में 24 मार्च को आरोपी महिला को वापस ग्राम बरदुला ले गया, जहां शादी से इनकार करते हुए उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर छोड़ दिया।
महिला की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध धारा 69, 75(3), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। ऑपरेशन तलाश के दौरान 23 अप्रैल को कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं कोतवाली स्टाफ की अहम भूमिका रही। “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ लगातार जारी है और महिला अपराधों में वांछित आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button