Raigarh News

नटवर स्कूल मैदान में चला विशेष सफाई अभियान, जनभागीदारी से दिया स्वच्छता का संदेश

रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ की ओर से स्वच्छ एवं सुंदर रायगढ़ के संकल्प के साथ चलाए जा रहे ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत नटवर स्कूल मैदान में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, उपायुक्त सुतीक्ष्ण यादव, एसडब्ल्यूएम सुपरवाइजर, स्वच्छता दीदियां, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और सफाई अमले ने श्रमदान करते हुए मैदान की व्यापक साफ-सफाई की।

विशेष सफाई अभियान के दौरान नटवर स्कूल मैदान में जगह-जगह बिखरे सिंगल यूज प्लास्टिक, कागज, दोना-पत्तल, पैकेट, प्लास्टिक की विभिन्न सामग्री, डब्बे-डिब्बियां, सीसी और डिस्पोजल सामग्री समेत अन्य कचरे को एकत्रित कर हटाया गया। इसके साथ ही मैदान के आसपास फैली घास, खरपतवार और अन्य अवांछित सामग्री की भी सफाई की गई। सफाई के बाद मैदान को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया।

नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं है, बल्कि शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मैदान और अन्य सार्वजनिक स्थान सभी के उपयोग के लिए हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

सभापति ने कहा कि सफाई अभियान के दौरान मैदान से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, कागज, डिस्पोजल और अन्य कचरा हटाया गया। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब नागरिक स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाएंगे, तभी स्वच्छ रायगढ़ का संकल्प पूरा किया जा सकेगा।

महापौर जीवर्धन चौहान ने भी शहरवासियों से ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ से जुड़कर स्वच्छता को जनअभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब नागरिक सफाई के बाद संबंधित स्थान को दोबारा गंदा न करने का संकल्प लें।

महापौर ने शहरवासियों से सार्वजनिक मैदानों, उद्यानों, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डाला जाए और दूसरे लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित किया जाए।

नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत सफाई के साथ नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाना, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग देना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से बचना स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम का सफाई अमला लगातार शहर की सफाई में जुटा हुआ है, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। सफाई के बाद उसी स्थान पर दोबारा कचरा न पहुंचे, इसके लिए नागरिकों को स्वच्छता प्रहरी की भूमिका निभानी होगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button