रायगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, प्रभारी मंत्री ने ली समीक्षा बैठक

रायगढ़, 8 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। जिले में अभियान का व्यापक और सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए समयबद्ध और व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने का अभियान है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी आधारित सेवा गतिविधियों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने अभियान में विभागीय अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जिला स्तर तक सीमित गतिविधियां आयोजित करना नहीं, बल्कि राज्य से लेकर जिला, विकासखंड, ग्राम और वार्ड स्तर तक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। वहीं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक बच्चों और युवाओं की भागीदारी से विकसित भारत की संकल्पना पर भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इसी तरह 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत 25 वर्षों की सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित सरल एवं भावनात्मक नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर इन प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और सामुदायिक सेवा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान अवधि में ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभव और सफलता की कहानियां भी साझा की जाएंगी।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ जैसी जनभागीदारी आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना है।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी-अपनी गतिविधियों की स्पष्ट, व्यवस्थित और समयबद्ध कार्ययोजना अभी से तैयार करें। प्रत्येक विभाग को अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार करने और अभियान के दौरान अधिकतम नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। उन्होंने प्रभावी जनजागरूकता, व्यापक सूचना प्रसार और स्थानीय स्तर पर सतत संवाद को अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, एक गांव गोद लेकर सेवा गतिविधियां, योग एवं ध्यान सत्र और प्लास्टिक मुक्त अभियान जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, कैरियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प और नशामुक्ति जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी।
पोषण, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग, साइबर सुरक्षा और फिट इंडिया जैसी गतिविधियों को भी अभियान में शामिल किया गया है। वीरगाथा और सैनिकों का सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन, वोकल फॉर लोकल और सहकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी और रिपोर्टिंग की जाएगी। प्रत्येक जिले में आयोजित कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो और जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों से जुड़े प्रेरक अनुभवों का व्यवस्थित संकलन किया जाएगा। इन गतिविधियों को सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी। उत्कृष्ट और प्रभावी गतिविधियों को सम्मानित किए जाने की व्यवस्था भी अभियान में रखी गई है।
बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को उनके दायित्व और जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से लेते हुए मिशन मोड में कार्य करने और प्रत्येक गतिविधि का व्यवस्थित एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों के फोटो और वीडियो के साथ जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों से जुड़ी वास्तविक प्रेरक कहानियों का नियमित रूप से संकलन कर साझा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान की गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुसार संचालित करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
