Raigarh News

अशोका पब्लिक स्कूल में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ सरस्वती पूजन,जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय ने छात्र छात्राओं को किया सम्बोधित

अशोका पब्लिक स्कूल में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ सरस्वती पूजन,
अशोका पब्लिक स्कूल परिसर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सरस्वती पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, आस्था और उल्लास के वातावरण में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहे और माँ सरस्वती के चरणों में शीश नवाकर शिक्षा, ज्ञान एवं सद्बुद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री जे. मिश्रा, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विधिवत मंत्रोच्चार एवं वैदिक परंपरा के अनुसार माँ सरस्वती की प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया गया। विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं श्रद्धा भाव के साथ पूजन कर शिक्षा की देवी से उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन का मजबूत आधार है तथा परिश्रम, संस्कार और अनुशासन से ही माँ सरस्वती का आशीर्वाद सार्थक होता है। विद्यालयों में इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से बच्चों में संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित होता है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button