अवैध कोयला माफिया पर प्रशासन का शिकंजा, मशीनें जब्त

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत बोरो, संगरा और लालमाटी का इलाका इन दिनों काली कमाई की कालिख से दागदार नजर आ रहा है। लंबे समय से धरती का सीना चीरकर अवैध कोयला निकालने का गोरखधंधा आखिरकार प्रशासन की नजर में आ ही गया।
ग्रामीणों की लगातार उठती आवाजें, जो अब तक अनसुनी की जा रही थीं, सोमवार को कार्रवाई की गर्जना में बदल गईं जब पुलिस, वन विभाग और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने इलाके में दबिश दी। वहीं निरीक्षण के दौरान जो दृश्य सामने आए, वे किसी सुनियोजित लूट से कम नहीं थे। नाले के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन के निशान साफ दिखाई दिए कृ मानो प्रकृति को बेरहमी से नोंचा गया हो। कोयले के भंडारण के प्रमाण भी मिले, जो यह इशारा करते हैं कि यह कोई एक-दो दिन का खेल नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा संगठित दोहन है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही जेसीबी मशीन को मौके से हटा लिया गया। यह महज संयोग नहीं हो सकता। सवाल उठना लाजमी है कृ आखिर सूचना लीक किसने की? क्या खनन माफिया को पहले से भनक थी? क्या इस काले खेल में अंदरखाने किसी की मिलीभगत है?
हालांकि, कार्रवाई पूरी तरह निष्फल नहीं रही। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने उसी इलाके में छिपाकर रखी गई एक चौन माउंटेन मशीन बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि इसी दैत्याकार मशीन से कई दिनों से अवैध कोयला उत्खनन का काम धड़ल्ले से चल रहा था। मशीन की बरामदगी ने यह साबित कर दिया कि यह गतिविधि न तो छोटी थी और न ही छिपी हुई कृ बस नजरें फेर ली गई थीं।
स्थानीय ग्रामीणों का दर्द भी अब सामने आ रहा है। उनका कहना है कि भारी मशीनों की कर्कश आवाजें, रात-दिन चलती हलचल और ट्रैक्टरों की आवाजाही लंबे समय से शक पैदा कर रही थी। लेकिन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई न होने से अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद होते गए। अब प्रशासन ने मशीन जब्त कर ली है और वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुट गई हैं कि इस अवैध खनन के पीछे कौन चेहरे हैं, किसके संरक्षण में यह धंधा फल-फूल रहा था, और कब से धरती की यह लूट जारी थी।
बहरहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके में खलबली मच गई है। कोयला माफिया के नेटवर्क में बेचौनी साफ देखी जा सकती है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सवाल यह है कृ क्या इस बार सच पूरी तरह बाहर आएगा, या फिर यह मामला भी धूल में दबा दिया जाएगा?
