spot_img

Latest Posts

जनता के हित में सवाल उठाना दोगलापन नहीं, विपक्ष का धर्म: संजय देवांगन

रायगढ़। कांग्रेस ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी पर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार और राजनीतिक पूर्वाग्रह से प्रेरित बताया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संजय देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, डेटा संप्रभुता, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और देश के संसाधनों पर जनता के अधिकारों की रक्षा करना विपक्ष का संवैधानिक दायित्व है। सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना देशविरोध या दोगलापन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी है।

संजय देवांगन ने कहा कि विदेशी कंपनियों, स्टारलिंक जैसी सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं, डेटा सुरक्षा और राष्ट्रीय संप्रभुता से जुड़े विषयों पर सवाल उठाने का उद्देश्य देश के नागरिकों का डेटा सुरक्षित रखना और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना है। उन्होंने सवाल किया कि राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न उठाना क्या केवल सत्ता पक्ष का अधिकार है और क्या विपक्ष को सरकार की नीतियों की समीक्षा करने का अधिकार नहीं है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देशभक्ति का अर्थ सरकार के प्रत्येक फैसले का समर्थन करना नहीं है। यदि किसी नीति से राष्ट्रीय हितों पर असर पड़ने की आशंका हो, तो उस पर सवाल उठाना भी जरूरी है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि बड़े कारोबारी समूहों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठने पर जवाब देने के बजाय विपक्ष के चरित्र पर टिप्पणी की जाती है।

देवांगन ने कहा कि कांग्रेस का विरोध किसी उद्योगपति के कारोबार या निवेश से नहीं है, बल्कि आर्थिक शक्ति और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभाव के केंद्रीकरण की आशंका से है। उन्होंने खेत-खलिहान, फसल, गोदाम, जल, जंगल, जमीन, एयरपोर्ट, बंदरगाह और इंटरनेट जैसे क्षेत्रों में बड़े कारोबारी समूहों की भूमिका पर पारदर्शिता और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। उनके मुताबिक, विदेशी निवेश हो या स्वदेशी उद्योग, सभी के लिए नियम समान होने चाहिए और राष्ट्रीय सुरक्षा व डेटा संरक्षण के मानक किसी कंपनी के नाम या राजनीतिक संबंधों से प्रभावित नहीं होने चाहिए।

कांग्रेस ने राहुल गांधी के आर्थिक असमानता, पूंजी के केंद्रीकरण और छोटे कारोबारियों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाने का भी उल्लेख किया। देवांगन ने कहा कि कांग्रेस तकनीक, निवेश और विकास की विरोधी नहीं है, बल्कि ऐसी व्यवस्था के पक्ष में है जिसमें विकास के साथ जनता के हितों की रक्षा भी हो।

उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान देने की मांग भी की। देवांगन ने कंपनियों से उड़ने वाली धूल पर नियंत्रण, सड़कों की मरम्मत, जंगलों की कटाई रोकने और नदियों, तालाबों व नालों के संरक्षण की जरूरत बताई। उन्होंने दावा किया कि धूल से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, सड़कों की स्थिति से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है तथा जलस्रोतों के दूषित होने और जलस्तर घटने जैसी समस्याओं पर ध्यान देना जरूरी है।

देवांगन ने कहा कि जनता के अधिकारों, राष्ट्रीय हितों, डेटा सुरक्षा और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि सवाल पूछना लोकतंत्र का हिस्सा है और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करना विपक्ष की जिम्मेदारी है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss