Raigarh News

मां के सामने किशोर का अपहरण, अपहृत बालक सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। थाना लैलूंगा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के अपहरण के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजेश गुप्ता (36 वर्ष), निवासी ग्राम टटकेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी अपहृत बालक का रिस्तेदार बताया गया है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में पीडि़त बालक की मां द्वारा 03 अप्रैल को थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार 02 अप्रैल की रात आरोपी राजेश गुप्ता शराब के नशे में प्रार्थिया के घर जबरन घुसा और उसके पुत्र को जगाकर उसके पिता के बारे में पूछताछ करने लगा। पिता के घर पर नहीं होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने किशोर को जबरन पकडक़र अपने साथ ले जाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि “इसको ले जा रहा हूं, इसका बाप 10,000 रुपये लेकर मेरे पास आएगा” और महिला को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थीया जब गांव के लोगों के साथ थाना रिपोर्ट करने आ रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर दुर्घटना करने का प्रयास किया। ग्राम कुंजारा के पास आरोपी ने उनकी वेगनआर कार को टक्कर मार दी और बाद में थाना के पास पहुंचने पर उनकी इको कार को भी पीछे से टक्कर मारकर फरार हो गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में धारा 331(2), 137(2), 351(3), 281 बीएनएस एवं 184, 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहृत बालक की पतासाजी की गई। बालक को ग्राम कुंजारा और सारसमाल के बीच सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। साथ ही आरोपी को जंगल क्षेत्र में उसके टीयूव्ही वाहन सहित घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जप्त कर लिया गया है। आरोपी- राजेश गुप्ता पिता बेनूराग गुप्ता उम्र 36 वर्ष निवासी टटकेला थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button