spot_img

Latest Posts

प्रोफेसर का अपहरण, चाकू की नोक पर UPI से 1 लाख ट्रांसफर

रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर के अपहरण और उनसे करीब 1 लाख रुपए UPI के जरिए ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, चार आरोपियों ने इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर को रास्ते में पकड़ लिया। उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट कर मोबाइल तथा डिजिटल पेमेंट ऐप के पासवर्ड हासिल किए गए। इसके बाद उन्हें पंडरीपानी इलाके के एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ग्राम जकेला निवासी डॉ. कपूरचंद गुप्ता, उम्र 47 वर्ष, डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वे गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान महसूस होने पर वे सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठ गए। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट तथा गर्दन पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें बाइक से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाया गया। वहां अन्य आरोपी भी उनके साथ शामिल हो गए।

आरोपियों ने कथित तौर पर प्रोफेसर के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल का पासवर्ड हासिल किया। इसके बाद Google Pay और BHIM ऐप के पासवर्ड भी पूछे गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक महिला से मोबाइल पर संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और प्रोफेसर के खाते से उस खाते में रकम ट्रांसफर कराई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रोफेसर के बैंक खाते की करीब 1 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने तक अलग-अलग ट्रांजैक्शन कराए। इसके बाद भी प्रोफेसर को तुरंत मुक्त नहीं किया गया। आरोपियों ने उन्हें धमकाकर परिवार को फोन करवाया और यह कहने के लिए कहा कि वह ठीक हैं, ताकि परिजनों को उनके अपहरण की जानकारी न हो।

इसके बाद आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। दूसरी ओर, प्रोफेसर के परिजनों को फोन पर हुई बातचीत और परिस्थितियों को लेकर संदेह हो गया। परिजनों ने अपने स्तर पर प्रोफेसर की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की और पंडरीपानी पहुंच गए।

पुलिस के मुताबिक, परिजनों के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे से प्रोफेसर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें थाने लाया गया और मामले की जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, रातभर चली कार्रवाई के बाद 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

मामले में जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, पुलिस ने उससे भी संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक, महिला के खाते में पहुंची पूरी रकम को सुरक्षित कराया गया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर लेने का दावा किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पीड़ित की शिकायत पर पुसौर थाने में BNS की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब अपहरण, बंधक बनाने, धमकी देने और डिजिटल माध्यम से रकम ट्रांसफर कराने की पूरी घटना की जांच कर रही है।

रायगढ़ के SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसी गंभीर घटना में पुलिस की पहली प्राथमिकता पीड़ित को सकुशल बरामद करना और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना होती है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। SSP के मुताबिक, घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं और सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss