*बरमकेला में छुट्टे नोटों की किल्लत से बढ़ी परेशानी, रतन शर्मा ने बैंक प्रबंधन से की व्यवस्था सुधारने की मांग*
*बरमकेला में छुट्टे नोटों की किल्लत से बढ़ी परेशानी, रतन शर्मा ने बैंक प्रबंधन से की व्यवस्था सुधारने की मांग*
बरमकेला। क्षेत्र में 5, 10 और 20 रुपये के छोटे नोटों (चिल्लर) की कमी के कारण व्यापारियों एवं आम जनता को लेन-देन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा की खरीद-बिक्री में छोटे नोटों की अहम भूमिका होती है, लेकिन उनकी अनुपलब्धता से बाजार व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए व्यापारिक हितों और जनसुविधाओं के लिए निरंतर सक्रिय रहने वाले कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने पहल करते हुए सारंगढ़ स्थित स्टेट बैंक की शाखा के प्रबंधक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कैट के पदाधिकारी अशोक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल एवं रविचरण साहू के साथ मिलकर एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि छोटे मूल्यवर्ग के नोटों की कमी के चलते व्यापारियों को ग्राहकों से विवाद की स्थिति का सामना करना पड़ता है, वहीं आम लोगों को भी रोजमर्रा के लेन-देन में असुविधा हो रही है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में यह समस्या और अधिक गंभीर हो गई है।
रतन शर्मा ने बैंक प्रबंधन से मांग की कि व्यापारियों को नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में 5, 10 और 20 रुपये के नोट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बाजार में सुचारू रूप से लेन-देन हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।
इस पर शाखा प्रबंधक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जल्द ही छोटे नोटों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सार्थक पहल की जाएगी।
इस पहल को लेकर व्यापारियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में चिल्लर की समस्या से राहत मिलेगी और बाजार की गतिविधियां पहले की तरह सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।
