Raigarh News

98 नग प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायगढ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 29 मई को थाना चक्रधरनगर एवं थाना साइबर की संयुक्त टीम ने ओडिशा से प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन लाकर रायगढ़ में खपाने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।
एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मरीन ड्राइव रोजगार कार्यालय के पास एक युवक बड़ी मात्रा में नशीली इंजेक्शन बिक्री के उद्देश्य से लेकर बैठा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे तत्काल पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष डंडरिया (22 वर्ष) निवासी नवधा चौक, गंगानगर, थाना बृजराजनगर जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) हाल मुकाम किरोड़ीमलनगर, आजाद चौक थाना कोतरारोड जिला रायगढ़ बताया। आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक थैले में रखे 98 नग इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 5,953.25 रुपये है। पूछताछ में आरोपी उक्त इंजेक्शन को बिक्री हेतु रखना स्वीकार किया, किंतु इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शनों को जब्त किया। विवेचना में आरोपी द्वारा अवैध रूप से नशीली इंजेक्शन बिक्री के उद्देश्य से रखना पाए जाने पर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब इंजेक्शन की आपूर्ति श्रृंखला और इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button