Raigarh News

29 संदिग्ध कबाड़ी व फेरीवालों पर पुलिस की गाज, चक्रधरनगर पुलिस की कार्रवाई

संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और चोरी के स्रोत पर कार्रवाई के लिए चलाया गया विशेष अभियान
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों, चोरी और अवैध कबाड़ के स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आज चक्रधरनगर पुलिस द्वारा विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध कबाड़ बीनने वालों एवं फेरीवालों की तस्दीक करते हुए कुल 29 संदिग्ध व्यक्तियों को थाना चक्रधरनगर लाकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की।
पुलिस को लगातार सूचना प्राप्त हो रही थी कि क्षेत्र में संदिग्ध घूमने वाले कुछ संदिग्ध कबाड़ बीनने वाले एवं फेरीवाले चोरी और अवैध कबाड़ गतिविधियों से जुड़े हैं तथा कहीं न कहीं संपत्ति संबंधी अपराधों के स्रोत के रूप में सक्रिय हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चक्रधरनगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया और चिन्हित संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर उनकी विस्तृत तस्दीक की गई।
कार्रवाई के दौरान सभी 29 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनका आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों का सत्यापन किया जा रहा है। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा द्वारा सभी को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की चोरी, अवैध कबाड़ खरीद-बिक्री अथवा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है तो उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी व्यक्तियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में प्रतिबंधात्मक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
–समाचार

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button