*पीएमश्री शासकीय नटवर इंग्लिश स्कूल रायगढ़ में पीएम श्री स्कूल परिपूर्णता जाँच एवं समीक्षा बैठक

रायगढ़। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा तथा जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ के निर्देशानुसार 3 फरवरी 2026 को पीएमश्री शासकीय नटवर इंग्लिश स्कूल, रायगढ़ में पीएमश्री योजना के अंतर्गत विद्यालय की परिपूर्णता (Saturation) जाँच का आयोजन किया गया। यह निरीक्षण डी. पी. पटेल, नोडल अधिकारी (पीएमश्री स्कूल) एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, रायगढ़ द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के हिंदी माध्यम एवं अंग्रेजी माध्यम, दोनों माध्यमों की प्रथम एवं द्वितीय पाली का अवलोकन किया गया। इसके पश्चात दोनों पालियों के शिक्षकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा बैठक में पीएमश्री विद्यालय परिपूर्णता के आठ प्रमुख बिंदुओं के साथ प्रबंधन एवं वित्तीय परिपूर्णता पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें प्रमुख रूप से—
भौतिक अधोसंरचना – विद्यालय भवन, कक्ष, फर्नीचर एवं मूलभूत सुविधाएँ।
शैक्षणिक परिवेश – कक्षा संचालन एवं शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया।
शैक्षणिक गुणवत्ता एवं परिणाम – विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि।
डिजिटल एवं आईसीटी परिवेश – स्मार्ट कक्षा एवं डिजिटल संसाधनों का उपयोग।
दस्तावेज एवं अभिलेख संधारण – शैक्षणिक एवं प्रशासनिक रिकॉर्ड।
समावेशी शिक्षा – सभी वर्गों के विद्यार्थियों की सहभागिता।
पेयजल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था – स्वच्छ विद्यालय मानकों का अनुपालन।
नवाचार एवं पीएमश्री विशेष बिंदु – नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियाँ।
प्रबंधन एवं वित्तीय परिपूर्णता – विद्यालय प्रबंधन समिति की सक्रियता, अनुदान राशि का नियमानुसार उपयोग, वित्तीय अभिलेखों का संधारण, पारदर्शिता एवं समयबद्ध वित्तीय क्रियान्वयन।
इसके अतिरिक्त छात्रहित से संबंधित योजनाओं की विशेष समीक्षा की गई, जिसमें छात्रवृत्ति योजनाएँ, आधार/यूआईडी सत्यापन, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण, साइकिल वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा कैरियर गाइडेंस कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
छात्रहित के अंतर्गत विशेष रूप से मध्यान्ह भोजन योजना की भी समीक्षा की गई। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर, स्वच्छता, नियमितता, समय पर वितरण तथा बच्चों की उपस्थिति एवं स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई एवं योजना के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
नोडल अधिकारी डी. पी. पटेल द्वारा शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि पीएमश्री योजना के सभी शैक्षणिक, भौतिक, प्रबंधन एवं वित्तीय मानकों की शत-प्रतिशत पूर्ति करते हुए विद्यालय को पूर्णतः संतृप्त (Saturated) बनाया जाए तथा प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से सभी पात्र विद्यार्थियों तक सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पीएमश्री शासकीय नटवर इंग्लिश स्कूल रायगढ़ के प्राचार्य दिनेश अग्रवाल एवं सीएसी नटवर जगत राम जाफरी की उपस्थिति रही। बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने छात्रहित, पोषण-युक्त शिक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
