Raigarh News

कलेक्टर की सख्ती से पीएम पोषण योजना को मिलेगी नई गति, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश,जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक  आयोजित

कलेक्टर की सख्ती से पीएम पोषण योजना को मिलेगी नई गति, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश,जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक  आयोजित

सारंगढ़-बिलाईगढ़, जुलाई 2026।
जिले के विद्यार्थियों को सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (PM POSHAN) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रत्येक पहलू की गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आयरन एवं फोलिक एसिड वितरण, कृमिनाशक दवा, विद्यालय पोषण वाटिका, एलपीजी गैस के उपयोग, स्वच्छ रसोईघर तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के समग्र स्वास्थ्य, पोषण एवं शैक्षणिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे. आर. डहरिया ने जिले में योजना के क्रियान्वयन की प्रगति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला समिति ने बैठक निर्णय लिया कि शिक्षा विभाग द्वारा सभी विकासखंडों एवं विद्यालयों में योजना के प्रभावी संचालन, नियमित निरीक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा शासन के निर्देशों के शत-प्रतिशत पालन के लिए सतत मॉनिटरिंग करेंगे । अधिक से अधिक स्कूलों में LPG गैस का उपयोग भोजन पकाने में करने, पोषण वाटिका विकसित कर भोजन में हरी और ताजी सब्जी का उपयोग करने का निर्देश दिया गया। स्कूलों में बच्चो की उपस्थिति वृद्धि करने हेतु अधिक से अधिक पालक संपर्क करने तथा महिला बाल विकास विभाग को आँगनबाड़ी के बड़े बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिलाने संबंधी कार्यवाही के निर्देश दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से गरम पके भोजना की गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए गए। जिला समिति द्वारा सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों एवं विद्यालय प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई तथा निर्णय लिया गया कि योजना के प्रत्येक बिंदु की नियमित समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिससे जिले के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन का लाभ मिल सके।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button