Raigarh News

गिरदावरी में तेजी के निर्देश, पटाखा दुकानों की सुरक्षा जांच होगी

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने 28 सितंबर को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार योजनाओं, लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण करने और योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने खसरा सत्यापन और गिरदावरी कार्य की समीक्षा करते हुए सभी अनुविभागों के एसडीएम को शत-प्रतिशत गिरदावरी पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को स्वयं फील्ड में जाकर प्रगति की निगरानी करने और डीसीएस सर्वे निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा।

आगामी दीपावली को देखते हुए कलेक्टर ने पटाखा दुकानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बिना लाइसेंस संचालित दुकानों की जांच कर कार्रवाई करने तथा लाइसेंस जारी करने से पहले विक्रय केंद्र और भंडारण स्थल का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

कृषि विभाग की समीक्षा में बकेट क्लेम रिपोर्ट की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने डीडीए को लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री घोषणा से जुड़े अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा लंबे समय से शुरू नहीं हुए कार्यों की स्थिति की समीक्षा कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों, केलो परियोजना के भू-अर्जन एवं मुआवजा मामलों और पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button