Raigarh News

कैप्टन स्मित मच्छार को UAE का सर्वोच्च सम्मान, ओपी चौधरी ने दी बधाई

भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई के चालक दल को आपातकालीन परिस्थिति में यात्रियों की जान बचाने और विमान को सुरक्षित उतारने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रतिष्ठित सम्मान ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कैप्टन मच्छार और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया।

ओपी चौधरी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि आपातकालीन परिस्थिति में यात्रियों की जान बचाने और विमान को सुरक्षित लैंड कराने के दौरान कैप्टन मच्छार ने सूझबूझ, साहस और मानवीय जिम्मेदारी का परिचय दिया। उनका यह कार्य अनुकरणीय है और विमानन क्षेत्र में कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल प्रस्तुत करता है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कैप्टन स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई के चालक दल को UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान द्वारा सम्मानित किया गया। ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ को UAE के प्रमुख सम्मानों में शामिल बताया गया है। यह सम्मान टीम के साहस, पेशेवर दक्षता और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण के लिए दिया गया।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि संकट की घड़ी में धैर्य और कौशल के साथ यात्रियों की जान सुरक्षित बचाना बड़ी जिम्मेदारी का काम है। कैप्टन मच्छार और उनकी टीम ने इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए भारत का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से देश गौरवान्वित हुआ है। कैप्टन मच्छार और उनके चालक दल का साहस तथा जिम्मेदारी के प्रति समर्पण अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button