Raigarh News

49.50 लाख की धोखाधड़ी मामले में एक गिरफ्तार, घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने मुआवजा राशि के नाम पर ग्रामीण से 49 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम तिलाईपाली बिच्छीनारा निवासी अमीर कुमार राठिया की जमीन एवं मकान एनटीपीसी तलाईपाली कोयला खनन परियोजना के लिए अधिग्रहित हुआ था, जिसके एवज में उसे 69,64,618 रुपये का मुआवजा प्राप्त हुआ था। प्रार्थी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार गांव के खगेश्वर गुप्ता ने मुआवजा राशि संबंधी कागजी कार्यवाही कराने की बात कहकर उसका बैंक पासबुक अपने पास लिया था। बाद में 8 जून को खगेश्वर गुप्ता अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ प्रार्थी को पंजाब नेशनल बैंक शाखा रायकेरा ले गया। वहां दोनों ने बैंक संबंधी प्रक्रिया कराने के नाम पर प्रार्थी से चेक पर हस्ताक्षर करा लिए। प्रार्थी के अनुसार उसने अपने बच्चों के खाते में 5-5 लाख रुपये जमा कराने की सहमति दी थी, जबकि चेक में अन्य राशि किसके खाते में ट्रांसफर की जा रही है, इसकी जानकारी उसे नहीं थी।
बाद में बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर प्रार्थी को पता चला कि उसके खाते से मोतीलाल गुप्ता के खाते में 25 लाख रुपये तथा जगदीश गुप्ता के खाते में 24 लाख 50 हजार रुपये, यानी कुल 49 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। प्रार्थी का आरोप है कि उसकी जानकारी एवं सहमति के बिना उसके हस्ताक्षरयुक्त चेक का उपयोग कर उक्त राशि दोनों आरोपियों द्वारा अपने परिचितोंध्परिजनों के खातों में ट्रांसफर कराई गई। शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस द्वारा धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक द्वारा प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ पंजाब नेशनल बैंक शाखा रायकेरा से संबंधित बैंक खातों के स्टेटमेंट एवं अन्य दस्तावेज प्राप्त किए। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी खगेश्वर गुप्ता पिता दनार्दन गुप्ता उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम तिलाईपाली, थाना तमनार, जिला रायगढ़ को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अपराध एवं गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 18 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। प्रकरण का अन्य आरोपी प्रदीप गुप्ता फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button