Breaking News

स्वास्थ्य,अनुशासन व सकारात्मक जीवनशैली को समर्पित रहा निरंकारी मिशन का योग दिवस

रायगढ़। अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की विभिन्न शाखाओं में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
इसी क्रम में रायगढ़ मुखी पुष्पा मेहानी ने जानकारी सांझा करते हुए बताया कि संत निरंकारी मिशन की शाखा रायगढ़ द्वारा बोईरदादर स्थित स्टेडियम हॉल में भी सुबह 6 से 8 बजे तक योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थी, जिसने यह संदेश दिया कि वास्तविक स्वास्थ्य शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन का समन्वित स्वरूप है। इसी भावना के अनुरूप संत निरंकारी मिशन ने योग को आत्मजागृति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का सशक्त माध्यम बताते हुए जन-जागरूकता को प्रोत्साहित किया।
निसंदेह निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित यह जनकल्याणकारी अभियान समाज को स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए समग्र कल्याण का संदेश प्रदान करता है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button