Raigarh News

ओम श्री रूपेश कंपनी में दीवार बनी मजदूरों की कब्रगाह

गर्भवती रंभा प्रधान की हुई मौत, दो अन्य गंभीर

रायगढ़। लाखा के आश्रित ग्राम चिराईपानी में संचालित ओम श्री रूपेश कंपनी में कल देर शाम महालक्ष्मी कास्टिंग की दीवार ढहने से जख्मी मजदूरों में रंभा प्रधान नामक महिला की अंतत: जिंदगी खत्म हो गई। लेबर क्वाटर में रहने वाली विवाहिता की अकाल मौत से चिराईपानी के बाशिंदों में उद्योग प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश की चिंगारी सुलग गई है। इस हादसे में घायल लोगों के बयान के आधार पर पूंजीपथरा आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लाखा के आश्रित गांव चिराईपानी में गुरुवार देर शाम ओम श्री रूपेश कंपनी के लेबर क्वाटर में महालक्ष्मी कास्टिंग की दीवार गिरने से 2 महिला समेत 3 लोग जख्मी हुए थे। हालांकि, ग्रामीणों की मदद से पुलिस जेसीबी से मलबा हटवाते हुए आहतों को नजदीकी अस्पताल लेकर गई थी, मगर बुरी तरह जख्मी रंभा प्रधान की मौत हो गई। ऐसे में पुलिस मर्ग कायम कर आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।
ग्रामीणों की माने तो ओम श्री रूपेश कंपनी के डायरेक्टर शंकर लाल अग्रवाल और उनके बेटे दीपक अग्रवाल चिराईपानी के आम रास्ते पर जेसीबी चलवाते हुए गड्ढा कर चुके हैं। यही वजह है कि सरकारी रोड पर जेसीबी चलने से गड्ढे बनने से महालक्ष्मी कास्टिंग की दीवारें कमजोर हो गई और कल देर शाम तेज अंधड़ व बारिश में ध्वस्त हो गई। यदि ग्रामीणों का आरोप निराधार नहीं, बल्कि सही है तो ओम श्री रूपेश कंपनी पर कानूनी कार्रवाई की गाज भी गिर सकती है।
कांग्रेस ने बनाई 6 सदस्यीय जांच टीम
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिराईपानी औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग प्रबंधन की कथित लापरवाही के चलते बाउंड्री वॉल ढहने से एक महिला श्रमिक की मौत तथा दो अन्य मजदूरों के गंभीर रुप से घायल होने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर औद्योगिक हादसे को संज्ञान में लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने छह सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस समिति के संबंध में प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। समिति को घटनास्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जांच करने तथा विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button