Raigarh News

पीएम मोदी पर टिप्पणी के विरोध में रायगढ़ में भाजयुमो ने खड़गे का पुतला फूंका

रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय से रैली निकाली और गांधी प्रतिमा चौक पहुंचकर खड़गे का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बयानबाजी पर आपत्ति जताई गई।

यह विरोध प्रदर्शन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह के मार्गदर्शन और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के नेतृत्व में प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत किया गया। रायगढ़ में प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमीत शर्मा ने किया। बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमीत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को प्रधानमंत्री के प्रति मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार चुनावी हार से बौखलाई हुई है और इसी कारण अनर्गल बयानबाजी कर रही है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के नेता हैं और उनका अपमान पूरे देश का अपमान है।

भाजयुमो जिला महामंत्री त्रिलोचन राठिया और उमाशंकर शर्मा ने भी बयानबाजी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन असंसदीय और अमर्यादित भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कांग्रेस से इस मामले में देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारे लगाए और सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा के इस्तेमाल पर जोर दिया। प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button